मिल्कीपुर में योगी आदित्यनाथ की हुंकार, कहा- सपा की राजनीति हमेशा बांटने और परिवारवाद तक सीमित रही

जन एक्सप्रेस/ अयोध्या: मिल्कीपुर को साधने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक विशाल जन सभा किया। योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ का उल्लेख करते हुए इसे भारत की आस्था और संस्कृति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि 10 दिनों में 10 करोड़ श्रद्धालु वहां स्नान कर चुके हैं, जबकि अगले 35 दिनों में 45 करोड़ लोग कुंभ में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया के 200 से अधिक देशों की आबादी इतनी नहीं है, जितने लोग इस महाकुंभ में पुण्य लाभ लेने आएंगे। वेदों में भी भारत में जन्म को दुर्लभ बताया गया है, और इस अद्वितीय अवसर पर हर जाति और वर्ग के लोग आस्था के साथ शामिल हो रहे हैं।
विरोध की राजनीति पर तीखा प्रहार
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी राजनीति हमेशा बांटने और परिवारवाद तक सीमित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने कभी आम जनता की भलाई के बारे में नहीं सोचा और केवल अपनी संपत्ति और हितों की चिंता की। उन्होंने कहा कि सपा का झंडा अपराधियों और माफियाओं को बचाने के लिए ही इस्तेमाल हुआ है, जबकि गरीबों के प्रति उनकी कोई सहानुभूति नहीं रही।
धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा, महर्षि वाल्मीकि और संत तुलसीदास की जन्मस्थली का विकास किया, और महाराजा सुहेलदेव के विजय स्मारक का निर्माण कराया, लेकिन सपा ने इन सभी कार्यों का विरोध किया। उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी की जनता की आस्था के प्रति असंवेदनशीलता का प्रमाण बताया।
आरोप: माफियाओं और अपराधियों के पक्षधर
मुख्यमंत्री ने सपा पर माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा नेता उन माफियाओं के प्रति सहानुभूति जताते हैं, जिन पर महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने अयोध्या के सांसद द्वारा ऐसे अपराधियों की पैरवी करने को जनता के लिए खतरा बताया। उन्होंने सपा की नीतियों को आस्था और विकास विरोधी बताते हुए जनता से अपील की कि वे ऐसी राजनीति को नकारें।