
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जे एस चुफाल के निर्देशन में एचआईवी/एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों एवं भेदभाव को कम करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला क्षय रोग अधिकारी कार्यालय पिथौरागढ़ में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी/जिला नोडल अधिकारी एड्स डॉ. प्रशान्त कुमार कौशिक ने की।बैठक में एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। डॉ. कौशिक ने कहा कि युवाओं एवं आमजन तक एचआईवी/एड्स से संबंधित सही और वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में लोगों में व्याप्त भ्रांतियों के कारण एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव की स्थिति उत्पन्न होती है, जिसे जनजागरूकता के माध्यम से कम किया जाना आवश्यक है।

बैठक में बताया गया कि 31 अगस्त 2026 से Intensified IEC Campaign चलाया जाएगा। अभियान के तहत युवाओं एवं आमजन को एचआईवी/एड्स संबंधी जानकारी, सुरक्षित व्यवहार तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही एचआईवी/एड्स एवं एसटीआई से संबंधित सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
अभियान के अंतर्गत क्लब एवं भेदभाव को कम करने, एचआईवी/एड्स संबंधी जागरूकता बढ़ाने, सोशल मीडिया अभियान चलाने तथा चिकित्सालयों में विशेष शिविर आयोजित करने की योजना है। इन शिविरों में एचआईवी एवं एसटीआई की निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।बैठक में डॉ. ललित भट्ट, गैर सरकारी संस्था पर्वतीय अरण्य सेवा समिति पिथौरागढ़ के प्रतिनिधि, आईसीटीसी काउंसलर, जिला महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ से संबंधित प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित सदस्य मौजूद रहे।






