
जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में क्षेत्र-03 काशीपुर की आबकारी टीम ने ग्राम खाईखेड़ा में दबिश देकर दो अवैध शराब की भट्टियां नष्ट कीं।
आबकारी टीम के अनुसार, कार्रवाई के दौरान नाले में संचालित दोनों भट्टियों से करीब 12 हजार किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट किया गया। तलाशी के दौरान भट्टियों के आसपास से करीब 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके बाद गांव में सड़क किनारे खेतों की तलाशी लेने पर करीब 90 लीटर और अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस तरह कुल करीब 170 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
मामले में अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उप आबकारी निरीक्षक असीस सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट तथा आबकारी सिपाही कृष्ण चंद्र, सुमन आर्या और नैनिका राणा शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






