
जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: भाजपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने विकासखंड चंबा के ग्राम कोलधार, सौंदकोटी और ढरसाल का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। गांव-गांव पहुंचकर उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।
कोलधार में सड़क के डामरीकरण की मांग
कोलधार गांव में ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई के समक्ष गांव को जोड़ने वाली सड़क के डामरीकरण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सड़क के डामरीकरण को क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकता बताते हुए इस दिशा में प्रभावी पहल किए जाने की मांग की।
सौंदकोटी में मोटर मार्ग का मुद्दा उठा
सौंदकोटी गांव में ग्रामीणों ने बादशाहीथौल-केमवाल गांव मोटर मार्ग के डामरीकरण का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क मार्ग का डामरीकरण नहीं होने के कारण आवागमन में काफी दिक्कतें होती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि रात के समय मार्ग की खराब स्थिति के चलते कभी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने जल्द सड़क के डामरीकरण की मांग की।
ढरसाल में सीवर रिसाव से पेयजल दूषित होने का आरोप
ढरसाल गांव में ग्रामीणों ने एसआरटीसी कैंपस के सीवर रिसाव से पेयजल दूषित होने का गंभीर मामला पूर्व मंत्री के सामने रखा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीवर का रिसाव गांव में आने वाले पेयजल को प्रभावित कर रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में कैंपस के खिलाफ रोष भी देखने को मिला।
ग्रामीणों ने कहा कि स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी समस्या का तत्काल समाधान किया जाना जरूरी है। इसके साथ ही कैंपस से गांव तक आने वाली सड़क की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई।
धनाई ने ग्रामीणों को दिया समाधान का भरोसा
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने अपने कार्यकाल के दौरान टिहरी विधानसभा क्षेत्र में किए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने से होता है। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लगातार उठाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रही है।
धनाई ने कहा कि गांवों की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। सड़क और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं ग्रामीणों का अधिकार हैं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को उचित स्तर पर उठाया जाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर प्रधान कोलधार विष्णु दत्त उनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता उनियाल, अजय उनियाल, पूर्व प्रधान सुरेंद्र दत्त उनियाल, माया राम उनियाल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रशांत उनियाल, प्रधान सौंदकोटी मंगल सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रवीन नेगी, पूर्व प्रधान सुनीता देवी, उप प्रधान वीनीता देवी, अध्यक्ष साधन सहकारी समिति उत्तम नेगी, प्रधान ढरसाल गांव बुद्धि प्रसाद भट्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रजनी भट्ट, उप प्रधान भुवनेश्वरी देवी, देवेंद्र दत्त उनियाल, उपेंद्र दत्त उनियाल, विनोद पाण्डेय, श्रीराम भट्ट, केंद्र सिंह चौहान, शिवराज सिंह नेगी, मनवीर सिंह नेगी और होशियार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




