
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :– मानवता इंटर कॉलेज, सरकड़ा में मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक संघ ब्लॉक सितारगंज की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम संघ अध्यक्ष ध्रुव नारायण शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान ब्लॉक क्षेत्र के प्राइवेट स्कूल प्रबंधकों ने विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी संभालने वाले पदाधिकारियों का माला पहनाकर सम्मान किया।
समारोह में जय जोशी, प्रदेश संयोजक, विश्व हिंदू परिषद महिला मोर्चा, जगदीश गुरुरानी, सदस्य, गौ सेवा आयोग, राम प्रसाद कश्यप, व्यापारिक सदस्य, उत्तराखंड राज्य मत्स्य सहकारी संघ लिमिटेड, उत्तराखंड सरकार तथा सर्वजीत सिंह माटा, सह संयोजक, शिक्षा प्रकोष्ठ भाजपा, ऊधम सिंह नगर को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधकों ने कहा कि संघ से जुड़े लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों को सम्मानित करने के साथ ही शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
विद्यालय प्रबंधकों ने संघ से जुड़े लोगों को जिम्मेदारी दिए जाने पर खुशी जताते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। इस दौरान संघ से जुड़े प्रबंधक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।






