सिलवारी में बन रहे जनपद के प्रथम उत्सव भवन का स्थलीय निरीक्षण

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड भरखनी की ग्राम पंचायत सिलवारी में शासन स्तर से स्वीकृत जनपद के प्रथम उत्सव भवन के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सोमवार को डिप्टी डायरेक्टर लखनऊ मंडल ग्रीश चंद्र रजक के नेतृत्व में शासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने उत्सव भवन के निर्माण की प्रगति और कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। टीम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए तथा इसे जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।इस दौरान टीम ने ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। यहां अध्ययनरत बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई और तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उत्सव भवन जैसे विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






