मध्यप्रदेश

धारः महिला की सरेआम बेरहमी से पिटाई, तमाशबीन बने रहे लोग

धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में शुक्रवार को मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला को सरेआम लाठी से पीटा जा रहा है। महिला चींखती-चिल्लाती है, लेकिन कोई उसे बचाने के लिए आगे नहीं आता। लोग तमाशबीन बने रहते हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चार लोगों ने महिला को पकड़ रखा और एक शख्स उसकी लाठी पिटाई कर रहा है। वह एक के बाद एक कई बार उसे लाठी से मारता है। लोग घटना का वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। खास बात यह है कि महिला को पीटने वाले आरोपियों में गांव का सरपंच भी शामिल है। पुलिस ने नूर सिंह पुत्र जाम सिंह भूरिया नाम के इस सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है। धार एसपी मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा था. जिसमें दिख रहा था कि अज्ञात आदमी एक महिला को पीट रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो देखा, मैंने और मेरी टीम ने घटनास्थल की तस्दीक की। इसके बाद मुख्य आरोपी जो महिला के साथ मारपीट कर रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि अन्य आरोपियों की तलाशी के लिए हमारी टीम रवाना हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला की शादी हो चुकी है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बावजूद वह किसी दूसरे व्यक्ति के साथ कहीं चली गई थी। जब दोनों पक्षों में बातचीत हुई तो वह व्यक्ति महिला को फिर से गांव छोड़कर चला गया। महिला के लौटने पर गांव के सरपंच और अज्ञात लोगों ने सरेआम उसके साथ मारपीट की। इस मामले में टांडा पुलिस चौकी प्रभारी गुलाब सिंह भयडिया ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। वीडियो में दिख रहे आरोपियों के अलावा भी जो लोग इस मामले में शामिल हैं, उन्हें पकड़ने के लिए टीम भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button