
जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक के कथित तौर पर देसी तमंचा लेकर कॉलेज परिसर में पहुंचने का मामला सामने आया। आरोप है कि युवक ने उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी वशिष्ठ कुमार को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और नामांकन वापस लेने का दबाव बनाया।
आरोप यह भी है कि युवक ने प्रत्याशी के समर्थकों को चुनाव प्रचार बंद करने के लिए धमकाया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित प्रत्याशी ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि तमंचा लाने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। साथ ही कॉलेज प्रशासन से घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी मांगी गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






