उत्तराखंड

उद्यान विभाग घोटाले को लेकर कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

गोपेश्वर । चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में शनिवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश की भाजपा सरकार पर घोटालेबाज सरकार का तगमा लगाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया गया।

कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश सरकार के मुखिया पुष्कर सिंह धामी का पुतला बनाकर उसका जुलूस निकाला और गोपेश्वर तिराहे पर फूंका। कांग्रेस पार्टी के नगराध्यक्ष योगेंद्र सिंह बिष्ट का आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार आकंठ घोटालों में डूबी हुई है। लेकिन सरकार हर मामले की जांच के नाम पर लीपापोती कर ठंडे बस्ते में डाल रही है। ऐसे में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ता चला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीरो टोलरेंस की सरकार की अब पोल खुलने लगी है।

उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग, वन विभाग सहित तमाम ऐसे अन्य विभाग है जिनमें घोटालों की बात सामने आयी है लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उनका यह भी आरोप था कि इस सरकार में अफसरशाही हावी हो गई है। अधिकारी जनता की कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। ऐसे में विकास कार्य ठप होते चले जा रहे है और जनता परेशान हाल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता इसका जबाव भाजपा को देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button