डीएम ने बंद पड़े कस्तूरबा पुस्तकालय का किया निरीक्षण, जीर्णोद्धार कर आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- जिलाधिकारी अनुनय झा ने शुक्रवार को विक्टोरिया हाल स्थित बंद पड़े कस्तूरबा पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए इसे शीघ्र जीर्णोद्धार कराकर पुनः संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तकालय को विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए बेहतर और सुविधायुक्त बनाया जाए। उन्होंने फर्श पर टाइल्स लगवाने, दीवारों पर आकर्षक रंग कराने तथा पीवीसी पैनलिंग कराने के निर्देश दिए, जिससे पुस्तकालय को नया और बेहतर स्वरूप मिल सके।
विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में एसी लगवाने और सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही छात्राओं और छात्रों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तकालय में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अध्ययन के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुस्तकालय के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय के व्यवस्थित संचालन से विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडु सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






