
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हनुमान चौक स्थित वेडिंग प्वाइंट में जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के साथ सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान टिहरी जनपद से प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। साथ ही संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पदाधिकारियों से कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने व जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी व जिला-शहर कांग्रेस संगठन में विभिन्न दायित्व मिलने पर पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया गया। इनमें अनुशासन समिति में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, नवनियुक्त प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला, नरेंद्र राणा व राकेश राणा, प्रदेश सचिव नरेंद्र चंद रमोला, शहर कांग्रेस के विधि सलाहकार रमेश पेटवाल, सलाहकार शोभन कुमाईं, शहर सचिव ममता खंडूरी व ममता खत्री और शहर उपाध्यक्ष नीमा नेगी व रीता रावत सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय सरकार केवल राजनीतिक प्रचार में लगी हुई है। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना होगा और उन्हें संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाना होगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को सक्रिय बनाने और कांग्रेस की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। समारोह में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इसके बाद पदाधिकारियों ने अल्मोड़ा में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस प्रशासन की बदसलूकी के विरोध में हनुमान चौक पर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। साथ ही विरोध स्वरूप मोदी सरकार का पुतला दहन किया। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, देवेंद्र नौडियाल, सीमा कृषाली, नगर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, दर्शनी रावत, ममता पंवार, गब्बर रावत, मनीष पंत, धूम सिंह रागंड, रोशन रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।






