
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :- उत्तराखंड क्रांति दल के बैनर तले बाजपुर क्षेत्र के वंचित राज्य आंदोलनकारियों ने चिह्नीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग उठाई है। आंदोलनकारियों ने एसडीएम ऋचा सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पात्र आंदोलनकारियों को प्रमाणपत्र और परिचय पत्र जारी करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में नए शासनादेश के तहत वर्ष 2021 तक प्राप्त आवेदनों पर विचार किया जा रहा है। आंदोलनकारियों के अनुसार बाजपुर और खटीमा क्षेत्र में आंदोलन के समय की अखबार की प्रतियां, बिल, शपथ-पत्र और वरिष्ठ नागरिकों के सत्यापन संबंधी दस्तावेज सहित समान प्रकार के साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं।
आंदोलनकारियों का कहना है कि खटीमा क्षेत्र के आंदोलनकारियों का चिह्नीकरण हो चुका है, जबकि बाजपुर के कई पात्र आंदोलनकारी अब भी इससे वंचित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से खटीमा की तर्ज पर बाजपुर के पात्र आंदोलनकारियों के साक्ष्यों को मान्य कर चिह्नीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की।
इस दौरान उक्रांद के पदाधिकारियों के साथ कई स्थानीय राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति तय कर आंदोलन किया जाएगा।






