देश

श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर दुनिया को देगा एकता का सन्देश : जी. किशन रेड्डी

जम्मू। जम्मू जिले के बाहरी क्षेत्र सिद्धडा के मजीन में शिवालिक के खूबसूरत जंगलों के बीच स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर के कपाट गुरुवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उद्घाटन किया। उनके साथ केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी समारोह में शामिल हुए।

पवित्र गर्भगृह में पूजा-अर्चना करने के बाद गणमान्य लोगों ने 62 एकड़ से अधिक भूमि में फैले श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने जम्मू-कश्मीर सरकार और श्री वेंकटेश्वर के सभी भक्तों को बधाई दी और कहा कि जम्मू का मंदिर दुनिया को यह संदेश देगा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है। उन्होंने कहा कि यह अध्यात्म और सनातन परंपराओं का केंद्र होगा।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के अध्यक्ष और बोर्ड के सदस्यों की भक्ति और प्रतिबद्धता का परिणाम है कि श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर कम समय में पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि अब श्री माता वैष्णो देवी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के भक्त भी जम्मू में श्री वेंकटेश्वर स्वामी का आशीर्वाद ले सकते हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर और देश की सनातन यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण है। उपराज्यपाल ने कहा कि भगवान वेंकटेश्वर मंदिर जम्मू-कश्मीर में धार्मिक पर्यटन को मजबूत करेगा। यह आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और केंद्र शासित प्रदेश में आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देगा।

उपराज्यपाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी इस कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन किसी अपरिहार्य कार्य के कारण वह हमारे साथ नहीं आ सके। उपराज्यपाल ने कहा कि उन्होंने अपनी शुभकामनाएं दी हैं और मुझे बताया है कि जम्मू में उनका भविष्य का कार्यक्रम श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हाजिरी लगाने के बाद ही शुरू होगा। उन्होंने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के अध्यक्ष वीवाई सुब्बा रेड्डी और बोर्ड के अन्य सदस्यों के प्रति आभार जताया और मंदिर निर्माण में लगे कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को भी सराहा।

उपराज्यपाल ने कहा कि अभूतपूर्व विकास के साथ-साथ जम्मू कश्मीर का आध्यात्मिक पहलू भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र शासित प्रदेश में श्री वेंकटेश्वर, बाबा अमरनाथ, माता वैष्णो देवी, माता शारदा, शिव खोडी, शंकराचार्य मंदिर, हजरतबल और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थल और सूफी मंदिर आदि न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि जम्मू कश्मीर को सांस्कृतिक रूप से भी विकसित करेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि आज का ऐतिहासिक दिन जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश की विकास यात्रा में एक नया मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह विकास तीर्थ विविधता में भारत की एकता का उत्सव है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button