जौनपुर में राष्ट्रवादी पार्टी ने जिलाधिकारी को सौंपा महाज्ञापन

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर आम जनमानस की मूलभूत समस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी द्वारा शनिवार को जिलाधिकारी जौनपुर को महाज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने जिले की चार प्रमुख क्षेत्रीय समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि पट्टीनरेन्द्रपुर बाजार में प्रतिदिन लगभग 50 से अधिक गांवों के लोग खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन बाजार क्षेत्र में महिलाओं के लिए एक भी शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इससे महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। जनहित को ध्यान में रखते हुए यहां सुलभ शौचालय निर्माण की मांग की गई है।
दूसरे बिंदु में मछलीशहर तहसील के देवकली ग्रामसभा अंतर्गत निश्राइनपट्टी भोलेनाथ मंदिर से पाल बस्ती तक लगभग 200 मीटर मार्ग न होने का मुद्दा उठाया गया। रास्ता न होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है तथा आपात स्थिति में एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पाती। इस समस्या के त्वरित समाधान की आवश्यकता बताई गई। तीसरे मुद्दे के रूप में जिले में नीलगाय की बढ़ती समस्या को उठाया गया। प्रतिवर्ष किसानों की फसल नीलगाय द्वारा नष्ट की जा रही है, जिससे किसान आर्थिक रूप से परेशान हैं। पार्टी ने किसान हित में ठोस एवं प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
चौथे बिंदु में सुजानगंज बाजार स्थित ग्राम तिलहुओं में नाले पर बनी अधूरी पुलिया का मामला रखा गया। यह ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य मार्ग है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा होने से लोगों को खतरे के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। पूर्व में भी इस संबंध में ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। ज्ञापन सौंपते हुए जितेन्द्र चौहान, जिलाध्यक्ष राष्ट्रवादी पार्टी जौनपुर ने कहा कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में आगे आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस अवसर पर सुभद्रा सिंह (जिलाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ), सन्तोष पाल (जिलाध्यक्ष मीडिया प्रकोष्ठ), रितेश कुमार जैन (तहसील अध्यक्ष मछलीशहर), दिलीप सोनी (जिला सचिव) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






