उत्तर प्रदेश

लोकतंत्र की है पहचान, मत-मतदाता और मतदान

भदोही । प्रदेश में निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 मई को है। भदोही में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रैली निकली जा रही है। जिला प्रशासन की मंशा है कि जनपद में 100 फ़ीसदी मतदान हो। इसके लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी खुद प्रयासरत हैं।

भदोही के ज्ञानपुर और दूसरे निकायों में मंगलवार को मतदाता रैली निकाली गई। जिसमें स्कूल कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बच्चों और अफसरों ने सहभागिता की। लोग हाथों में मतदाता जागरूकता के नारे लिए हुए थे। बैनर पर अच्छे-अच्छे स्लोगन लिखे गए थे। ज्ञानपुर में प्राचार्य केएनपीजी, वीएनजीआईसी, जिला सूचना अधिकारी ने दुर्गागंज तिराहे से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिसमें एनसीसी कैडेट, एनएसएस वालिनटियर्स, छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

भदोही जनपद में गोपीगंज,भदोही नगर पालिकाओं के साथ सुरियावां, घोसियां और खमरिया नगर पंचायत के लिए 11 मई को वोट डाले जाएंगे। भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों चुनावी जंग जीतने में लगे हैं। इसके अलावा स्वतंत्र उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में डटे हैं। वार्ड सदस्यों का चुनाव भी अपने में दिलचस्प हो गया है।

जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा पूरे प्रोफेसर कॉलोनी रोड पर मानव श्रृंखला बनाते हुए रैली का स्वागत किया गया और पूर्व की रैली से जुड़कर मतदाताओं को जागरूक किया गया।

रैली में शामिल बच्चे नारा लगा रहे थे शत प्रतिशत मतदान, कालीननगरी की बनेगी शान। लोकतंत्र की है पहचान, मत-मतदाता और मतदान। बनो देश के भाग्य विधाता,अब जागो प्यारे मतदाता।

मतदाताओं को जागरूक करते हुए यह रैली पुरानी कलेक्ट्रेट,प्रोफेसर कॉलोनी होते हुए वीएनजीआईसी कॉलेज में एक संगोष्ठी के साथ सम्पन्न हुईं। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस प्रशासन भी इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button