देश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिनों के बंगाल के दौरे पर, सम्मानित करेंगी मुख्यमंत्री ममता

कोलकाता  । राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार द्रौपदी मुर्मू सोमवार को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रही हैं। राज्य सचिवालय सूत्रों ने बताया है कि दौरे के पहले दिन सोमवार शाम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन्हें सम्मानित करेंगी। नेताजी इनडोर स्टेडियम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है।

इससे पहले एलगिन रोड स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पैतृक आवास पर जाकर राष्ट्रपति उन्हें श्रद्धांजलि दे सकती हैं। वहां से राष्ट्रपति का जोड़ासाँको स्थित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के ठाकुरबारी जाने का कार्यक्रम है। यहीं गुरुदेव का जन्म हुआ था। इसके बाद कोलकाता में एक नेशनल बैंक के कार्यक्रम में वह शामिल होंगी। इसके बाद सोमवार रात राजभवन में विश्राम करेंगी। राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस की ओर से उन्हें रात्रिभोज दिया जाएगा।

दूसरे दिन 28 मार्च को सुबह बेलूर मठ में राष्ट्रपति जाएंगी। वहां से सीधे बीरभूम के शांति निकेतन जाने का कार्यक्रम है जहां दीक्षांत समारोह में उन्हें शामिल होना है।

विश्व भारती के जनसंपर्क अधिकारी महुआ बनर्जी ने बताया कि 2022 में जो छात्र पास हुए हैं उनके लिए दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ है। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस भी उपस्थित होंगे। यह पहली बार है जब राष्ट्रपति का विश्वविद्यालय में आना हो रहा है। इसलिए सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button