उत्तराखंड

NH निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा

पोकलैंड मशीन से युवक का सिर फाड़ा, मौके पर मौत, आरोपी ऑपरेटर फरार

जन एक्सप्रेस/गढ़वाल (उत्तराखण्ड) : उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मल्ली सतपुली क्षेत्र के पास श्री कल्याण शिवालिक इंफ्रा कंपनी द्वारा किए जा रहे NH निर्माण कार्य के दौरान एक युवक की पोकलैंड मशीन के बकेट से सिर फाड़कर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के बाद आरोपी ऑपरेटर फरार हो गया।

मृतक की पहचान नोसिन डाडामंडी निवासी सुमन देवरानी के रूप में हुई है, जो अपने एक दोस्त के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, निर्माण कंपनी द्वारा NH को रात के समय बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के पूरी तरह बंद कर दिया गया था।

जब सुमन देवरानी ने रास्ता खुलवाने की विनती की, तभी वहां कार्यरत पोकलैंड ऑपरेटर ने बर्बरता की हद पार करते हुए मशीन के बकेट से सुमन पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि युवक का सिर फट गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी नियमों को ताक पर रखकर रात में अवैध रूप से कार्य कर रही थी और इस हादसे ने प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया है।

फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है, वहीं आरोपी ऑपरेटर की तलाश जारी है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रमुख बिंदु :

  • कंपनी द्वारा NH निर्माण कार्य बिना अनुमति के किया जा रहा था।
  • मृतक युवक सिर्फ रास्ता खुलवाने का आग्रह कर रहा था।
  • हमला जानबूझकर किया गया या हादसा था – इसकी जांच जारी।
  • आरोपी पोकलैंड ऑपरेटर फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश।
  • स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज।

यह घटना न केवल मानवता को झकझोरने वाली है, बल्कि यह प्रशासन और निर्माण कंपनियों की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button