खुदाई के दौरान गिरे 5 मकान, कई लोगों के दबे होने की आशंका

जन एक्सप्रेस/मथुरा : मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माया टीला शाहगंज इलाके में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खुदाई के दौरान चार से पांच मकान भरभरा कर गिर गए। हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच चुका है और रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।
माया टीला इलाके में हादसा, कई मकानों की ढही दीवारें
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इलाके में किसी निर्माण कार्य के लिए खुदाई की जा रही थी। तभी अचानक जमीन धंस गई और उसके साथ पास के 4–5 मकान भी भरभरा कर गिर पड़े।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी, एक घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। अब तक एक घायल व्यक्ति को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।
हादसे का वीडियो आया सामने, मंजर देख सहम गए लोग
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि मकान कैसे ध्वस्त होकर गिरते हैं और लोग किस तरह दहशत में इधर-उधर भागते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश, राहत व बचाव जारी
जिला प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही आसपास के मकानों को भी खाली करवा लिया गया है ताकि किसी और नुकसान से बचा जा सके।
स्थानीय निवासी बोले:
“कई बार खुदाई को लेकर प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज इसका नतीजा सामने आ गया।”






