utrakhandउत्तरकाशी

गुरु पूर्णिमा पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने लिया संतों का आशीर्वाद, सनातन परंपरा के संरक्षण का दिया संदेश

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी :- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने उत्तरकाशी क्षेत्र के विभिन्न संतों एवं धर्मगुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की। इस दौरान उन्होंने गुरु परंपरा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया।

पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अत्यंत पवित्र पर्व है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं तथा उनके आशीर्वाद से जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्राप्त होता है।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने सबसे पहले ज्ञानसू स्थित माँ चंद्रघण्टा मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद तिलोथ पहुंचकर आध्यात्मिक जगत के प्रेरणास्रोत परम पूज्य व्यास श्री शिवराम भट्ट से भेंट कर उनका स्नेहिल आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन लिया।

इसके पश्चात उन्होंने मांडों पहुंचकर ‘मानसप्रेमी’ के नाम से विख्यात विद्वान कथावाचक स्वर्गीय शांति प्रसाद भट्ट को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक योगदान को स्मरण किया।

बाद में उजेली स्थित संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए परम पूज्य दंडी स्वामी 1008 हरिहराश्रम महाराज के प्रवचनों का श्रवण किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विजयपाल सजवाण ने कहा कि हमारे पूजनीय संत एवं गुरुजन भारतीय संस्कृति, हिंदू धर्म और सनातन परंपरा के सशक्त ध्वजवाहक हैं। उनका जीवन समाज को सदाचार, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित की प्रेरणा देता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि संतों का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन सदैव उत्तरकाशी सहित पूरे समाज पर बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button