लखनऊ के लाल शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए यह गर्व का क्षण है। भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान अशोक चक्र से सम्मानित किए जाने का ऐलान किया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगी।
IAF के फाइटर पायलट से अंतरिक्ष यात्री बने शुभांशु शुक्ला ने देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। Axiom-4 अंतरिक्ष मिशन के यात्री रहे शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में तिरंगा लहराकर भारत की वैज्ञानिक और सामरिक क्षमता को नई पहचान दिलाई।शुभांशु शुक्ला को भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के लिए भी चुना गया है, जो देश के मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उनकी इस उपलब्धि को राष्ट्र सेवा, साहस और समर्पण का प्रतीक मानते हुए उन्हें अशोक चक्र से नवाजा जा रहा है।लखनऊ से अंतरिक्ष तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में हर्ष और गर्व का माहौल है। शुभांशु शुक्ला की यह ऐतिहासिक उड़ान भारत के अंतरिक्ष मिशनों को वैश्विक पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित हो रही है।






