केन्द्र सरकार बहुमत के अहंकार में है – प्रभारी मंत्री जाट

उदयपुर । केन्द्र की भाजपा सरकार बहुमत के अहंकार में है। गलत फैसले ले रही है। महंगाई सिर चढ़कर बोल रही है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है तो उस पर गलत तरीकों से हमले किए जा रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस इससे घबराने वाली नहीं है, जनहित के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
यह बात उदयपुर के प्रभारी मंत्री रामलाल जाट ने मंगलवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की महंगाई की मार को राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने कम करने के लिए जनहित की योजनाएं लागू की हैं। यह योजनाएं भाजपा पचा नहीं पा रही है, इसी कारण कांग्रेस पर हमले हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इन्हीं जनहित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बुधवार को उदयपुर में बड़ा आयोजन रखा है। इसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आ रहे हैं। साथ ही, आक्रोश रैली के माध्यम से कांग्रेस अपना विरोध भी दर्ज करवाएगी।
राहुल गांधी के मामले में उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर भी चुनाव के समय कई कमेंट किए जाते हैं, लेकिन तब कार्रवाई क्यों नहीं होती। उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारी संख्या कम है लेकिन हमारे साथ सत्य है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले कांग्रेस पार्टी में मतभेद होने की वजह से हमें होटलों में जाना पड़ा था, इसके बावजूद आमजन के विश्वास को देखते हुए महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई हैं।






