उत्तराखंड

राज्यपाल ने ‘उत्तराखंड कॉलेज एफिलिएशन पोर्टल’ का किया शुभारंभ

देहरादून । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि वर्तमान समय में किसी भी कार्य के लिए तकनीकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग जरूरी है। राजभवन सहित विश्वविद्यालयों में अधिक से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन और पेपरलेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

राजभवन में राज्यपाल ने ‘उत्तराखंड कॉलेज एफिलिएशन पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि इस पोर्टल के शुभारंभ से सम्बद्धता देने वाले 05 विश्वविद्यालयों हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, कुमाऊं विश्वविद्यालय, वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय और श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की सम्बद्धता प्रक्रिया ऑनलाइन मोड में संपादित की जायेगी।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से भागदौड़ से बचाया जा सकेगा और मानव श्रम की भी बचत होगी। इससे संस्थान, विश्वविद्यालय और राजभवन स्तर पर सम्बद्धता प्रस्तावों की स्थिति को मॉनीटर किया जा सकेगा। पोर्टल के लॉन्चिग से राजभवन सहित विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मौके पर राज्यपाल सचिव रविनाथ रामन ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर उच्चाधिकारियों की ट्रेनिंग करा दी गई है। इसके बाद विश्वविद्यालय के कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पोर्टल को लॉन्च किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button