देश

महिला कार्यकर्ता पर हमले को लेकर राजनीति गरमाई

मुंबई  ।  एक महिला कार्यकर्ता पर हुए हमले को लेकर राज्य में राजनीति गरमा गई है। इस घटना के विरोध में महाविकास आघाड़ी के सहयोगी दलों ने बुधवार को ठाणे पुलिस मुख्यालय पर मोर्चा निकालने की घोषणा की है। मंगलवार को अस्पताल में घायल महिला को देखने के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर देवेंद्र फडणवीस को गृहमंत्री का पद पर काम करते नहीं बन रहा है, तो उन्हें तत्काल इस पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि गृहमंत्री के घर पर कोई तकलीफ होती है तो वे तत्काल एसआईटी का गठन करते हैं। महिला पर हमला होने के दूसरे दिन तक सादा मामला तक दर्ज नहीं किया जाता। इसी तरह विरोधी दल के नेताओं पर हमला होने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उद्धव ठाकरे ने बताया कि ठाणे जिले में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके कार्यकर्ताओं के इशारे पर पुलिस आयुक्त काम करते हैं, ठाणे में देवेंद्र फडणवीस का पुलिस पर वर्चस्व नहीं है, इसलिए उन्हें पद से हट जाना चाहिए। उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर गृहमंत्री में हिम्मत है तो तत्काल ठाणे पुलिस आयुक्त का तबादला करें वर्ना सिर्फ दस मिनट के लिए पुलिस व्यवस्था हटा लें, शिवसैनिक हिसाब चुकता करने में सक्षम हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि ठाणे जिले में कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। महिला पर ४० से अधिक लोगों ने मिलकर कार्यकर्ता पर हमला किया। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थीं। घायल महिला का आईसीयू में इलाज हो रहा है, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। जयंत पाटिल ने बताया कि पूर्व मंत्री जयंत पाटिल के पूर्व अंगरक्षक वैभव कदम ने पुलिस की ज्यादती से आत्महत्या कर ली। वैभव कदम पर जीतेंद्र आव्हाड के विरुद्ध बयान देने के लिए दबाव डाला जा रहा था। इस मामले की जांच नहीं की जा रही है।

शिवसेना सांसद विनायक राऊत ने कहा कि ठाणे गुंडों का अड्डा बन गया है। यहां पुलिस एकनाथ शिंदे के इशारे पर गलत काम में लगी हुई है। इसी वजह से कल ठाणे में शिवाजी चौक से ठाणे आयुक्तालय तक महाविकास आघाड़ी का मोर्चा निकाला जाएगा। इस मोर्चा का नेतृत्व युवा शिवसेना अध्यक्ष आदित्य ठाकरे, राकांपा नेता जीतेंद्र आव्हाड, कांग्रेस नेता विक्रम चव्हाण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button