पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देव रविवार को एक दिवसीय दौरे पर आएंगे फतेहाबाद

फतेहाबाद । केन्द्र में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की ओर से महा जन संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के हरियाणा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव रविवार को फतेहाबाद जिले में एक दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। इसको लेकर शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा पदाधिकारियों के साथ गांव धांगड़ के राजकीय स्कूल में आयोजित होने वाले संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम के लिए व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे।
इस अवसर पर उनके साथ जिला महामंत्री जगदीश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनिल सिहाग, मीडिया प्रभारी महेश शर्मा, ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरमैन रामसिंह मांझू सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
बलदेव सिंह ग्रोहा ने बताया कि 11 जून को त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के हरियाणा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव एक दिवसीय प्रवास के दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रात: 11 बजे गांव धांगड़ में आयोजित होने वाले संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम को बिप्लव देव संबोधित करेंगे। वहीं रतिया विधानसभा क्षेत्र के गांव रत्ताखेड़ा में भी दोपहर 1 बजे संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। टोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव डांगरा में पन्ना प्रमुखों के कार्यक्रम में पहुंचेंगे।






