अमेठी में करंट से बुजुर्ग महिला की मौत, बेटा-बहू और बेटी गंभीर रूप से झुलसे
पानी निकालते समय टूटा बिजली का तार बना हादसे की वजह, रोशनी की हालत नाजुक

जन एक्सप्रेस/अमेठी: जायस कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 मौलवी खुर्द में मंगलवार को बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान में पानी निकालते समय टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से 55 वर्षीय कलावती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे बेटे, बहू और बेटी भी बुरी तरह झुलस गए।
जानकारी के मुताबिक, बारिश का पानी कलावती देवी के कच्चे मकान में भर गया था। वे जब घर से पानी निकाल रही थीं, तभी ऊपर से गुजरा बिजली का तार अचानक टूटकर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आकर वह तड़पने लगीं। मां को बचाने के लिए बेटा आशीष कुमार, बहू शिवानी कुमारी और बेटी रोशनी दौड़े, लेकिन तीनों खुद करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े और बिजली का मुख्य कनेक्शन काटकर उन्हें तार से अलग किया। तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई और सभी को फुरसतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कलावती देवी को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों को गंभीर हालत में रायबरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया है।बेटी रोशनी की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जबकि आशीष और शिवानी की स्थिति अब स्थिर है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी शास्त्रजीत प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने खराब व जर्जर बिजली तारों को लेकर विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और तत्काल सुधार की मांग की है।






