उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

अस्पताल से फरार दुष्कर्म का इनामिया आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

मुठभेड़ में हुआ था घायल, इलाज के दौरान अस्पताल से हुआ था फरार

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले की पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी व इनामिया जावेद को चार दिन बाद फिर नगर कोतवाली थाना इलाके से रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि मासूम से हैवानियत का प्रयास करने वाले आरोपी जावेद को बीते मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया जिसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। रात में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देते हुए आरोपी जावेद घायलवस्था में ही अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक भूकर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक दरोगा व चार सिपाहियों समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी बैठा दी गई। एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिये। साथ ही आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। उसी क्रम में स्पेशल पुलिस टीम प्रभारी अर्जुन यादव के नेतृत्व में आरोपी की तलाश में लगातर प्रयास कर रही पुलिस को रविवार रात सफलता मिली और आरोपी फिर से पुलिस गिरफ्त में आ गया। पुलिस आरोपी को आसपास के जनपदों में भी तलाश रही थी जबकि आरोपी जावेद अली रविवार देर रात नगर कोतवाली थाना इलाके के आजाद नगर मैदान के समीप दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ पट्टी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button