गोरखपुर

हर जरूरतमंद का होगा अपना पक्का मकान : मुख्यमंत्री

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आवास विहीन हर जरूरतमंद को शासन की योजना के दायरे में लाएं। उनके लिए पक्के मकान की व्यवस्था करें। साथ ही जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को करारा सबक सिखाएं। जन कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता पर रखें और हर पीड़ित की समस्या का त्वरित निस्तारण करें।

मुख्यमंत्री योगी ने यह निर्देश रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आहूत जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए दिए। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हर समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी व संतुष्टिपरक निस्तारण होगा। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 400 लोगों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में महिलाओं की समस्या सुनी गयी।

इस दौरान सरहरी से आई एक महिला ने आवास की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराएं। जमीन कब्जा करने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कर्रवाई करें।

इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकने पाएगा। शासन से इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता मिलेगी।

जनता दर्शन में एक महिला ने नोएडा के एक शिक्षण संस्थान में प्रवेश दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति द्वारा फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराने और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button