उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: बरसठी के पदुमपुर गांव में निकला 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर

सीढ़ियों पर देख उड़े परिजनों के होश

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के पदुमपुर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रिहायशी मकान में 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

घर की सीढ़ियों पर डेरा जमाए बैठा था ‘काल’

जानकारी के अनुसार, पदुमपुर निवासी राहुल मिश्रा के घर में मंगलवार को अचानक एक भारी-भरकम अजगर घुस आया। घर के सदस्य उस वक्त दंग रह गए जब उन्होंने सीढ़ियों पर अजगर को कुंडली मारकर बैठे देखा। इतने बड़े सांप को देखकर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

वन विभाग का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम का नेतृत्व कर रहे दरोगा रवि यादव ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने बिना डरे, बेहद सूझबूझ के साथ करीब 12 फीट लंबे इस अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में किया।

सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया

रेस्क्यू के दौरान उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन वन विभाग की टीम ने स्थिति को बिगड़ने नहीं दिया। अजगर को पकड़ने के बाद उसे एक बोरे में सुरक्षित रखा गया। वन अधिकारियों के अनुसार, अजगर को आबादी से दूर सुरक्षित प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया गया है।

राहत की खबर: इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या मवेशी को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और दरोगा रवि यादव की बहादुरी की जमकर प्रशंसा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button