उत्तराखंड

शहरी विकास मंत्री ने किया इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना का औचक निरीक्षण

देहरादून । शहरी विकास व आवास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना का शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी कार्यप्रणाली पर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ अग्रवाल ने पाया कि इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत बेसमेंट हेतु डी-वाल का कार्य पूर्ण करते हुए बेसमेंट की खुदाई का कार्य गतिमान है। उन्होंने 9 माह पूर्व शिलान्यास होने के उपरांत प्रथम चरण के अंतर्गत 15 प्रतिशत ही कार्य होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यों को गति प्रदान करते हुए समय से पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि इंदिरा मार्केट/ टैक्सी स्टैंड की नजूल भूमि (क्षेत्रफल 16558 वर्ग मीटर) पर अव्यवस्थित रूप से विकसित बाजार है। यह देहरादून शहर के मुख्य बाजारों में से एक है। इसे सुनियोजित रूप से विकसित करने के लिए एमडीडीए की ओर से प्रभावित दुकानदारों से संवाद स्थापित करते हुए पीपीपी मोड के अंतर्गत इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि परियोजना से 400 से अधिक दुकानदार लाभान्वित होंगे, जिन्हें परियोजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित दुकानों का आवंटन किया जायेगा। परियोजना के अंतर्गत दुकानों के अतिरिक्त लिफ्ट, शौचालय, पार्किंग, ग्रीन एरिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाना है। परियोजना की लागत 242.32 करोड़ है।

डॉ अग्रवाल ने बताया कि इसी परियोजना में देहरादून शहर की पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए तीन बेसमेंट के माध्यम से 1050 वाहनों की पार्किंग भी बनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button