उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

जर्जर सड़कों को लेकर सदर विधायक ने राज्यमंत्री से की मुलाकात

जन एक्सप्रेस/महराजगंज:  सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने बुधवार को गोरखपुर स्थित सर्किट हाउस में प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन व कृषि विदेश व्यापार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश सिंह से शिष्टाचार भेंट की। मंत्री उद्यान विभाग के स्वर्णिम 50 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित मंडलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी में शामिल होने पहुंचे थे।
बैठक के दौरान विधायक ने जनपद की विकास आवश्यकताओं, विशेषकर जर्जर सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कई महत्वपूर्ण मार्गों की दयनीय हालत के कारण आमजन, किसानों और आपातकालीन सेवाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में विधायक ने एक विस्तृत मांग पत्र मंत्री को सौंपा, जिसमें सदर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार, चौड़ीकरण व नए निर्माण कार्यों की मांग शामिल थी।
राज्यमंत्री दिनेश सिंह ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित करना है तथा आवश्यक वित्तीय व तकनीकी स्वीकृतियाँ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में क्षेत्र की अन्य विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई। विधायक कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सदर क्षेत्र भी इस रफ्तार से पीछे नहीं रहेगा। बातचीत के दौरान मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button