
जिला संवाददाता – सीपी बहुगुणा
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानसू में उत्तरकाशी पुलिस की ओर से “नशे से आजादी” थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता में अल्पाइन पब्लिक स्कूल, ऋषिराम शिक्षण संस्थान, गोस्वामी गणेशदत्त सरस्वती विद्या मंदिर और मसीह दिलासा स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता सीनियर और जूनियर वर्ग में आयोजित की गई।
छात्र-छात्राओं ने अपनी चित्रकला के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, उससे होने वाले सामाजिक नुकसान और स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत की। उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियों ने नशामुक्त समाज के संदेश को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
इस दौरान एसपी कमलेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और समाज में नशा उन्मूलन को लेकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव रख सकते हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उत्तरकाशी पुलिस की ओर से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सीओ जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, उपनिरीक्षक गीता सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस पहल के जरिए उत्तरकाशी पुलिस ने युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।






