प्रतापगढ़ में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
मंत्री नन्दी ने ध्वजारोहण कर की युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने की अपील

जिला संवाददाता – राजेश पाठक
जन एक्सप्रेस / प्रतापगढ़: जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया गया। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता “नन्दी” ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए पुलिस लाइन में विधिवत ध्वजारोहण किया। इसके उपरान्त उपस्थित जनसमूह द्वारा राष्ट्रगान का भावपूर्ण एवं सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नन्दी ने जनप्रतनिधियों, सम्मानित अतिथियों, पुलिस जवानों एवं छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि 15 अगस्त महज कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि देश के गौरव, संघर्ष और बलिदान का ऐतिहासिक पर्व है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी नई पहचान बना चुका है। जेन-जी और युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने विशेष रूप से कहा कि युवा शक्ति केवल सोशल मीडिया की शक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि उसे राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बनना होगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस लाइन परिसर में स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को कैबिनेट मंत्री द्वारा डेमो चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। इस भव्य आयोजन में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति, उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा सहित तमाम अधिकारी, शिक्षक, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मो. अनीस व धर्मेन्द्र ओझा ने किया तथा समापन वन्दे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ।






