उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

गंगा में डूबे दूसरे युवक का शव 12 दिन बाद मेहंदीघाट के पास गंगा नदी से बरामद

रिपोर्ट-अभिषेक त्रिवेदी

जन एक्सप्रेस / हरदोई:  सावन के प्रथम सोमवार यानी 3 अगस्त को गंगा स्नान के दौरान कुसुमखोर घाट तेज बहाव में बहे चौंसार गांव के दो युवकों में से दूसरे युवक ऋषि का शव भी 12 दिन बाद शनिवार की देर शाम मेहंदीघाट के पास गंगा नदी से बरामद हो गया। शव की शिनाख्त होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

चौंसार गांव निवासी नारद और ऋषि बीती 3 अगस्त को गंगा स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर बह गए थीम घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम, अरवल थाना पुलिस और परिजन दोनों युवकों की लगातार तलाश में जुटे थे।

तलाश के दौरान घटना के तीन दिन बाद बीती 6 अगस्त को नारद का शव मल्लावां थाना क्षेत्र के बेरिया घाट के पास गंगा नदी से बरामद हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया था, जिसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं ऋषि का कोई सुराग नहीं मिल सका था और उसकी तलाश जारी थी।

शनिवार की देर शाम 15 अगस्त को मेहंदीघाट पुलिस ने अरवल थाना पुलिस और ऋषि के परिजनों को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान ऋषि के रूप में की। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

अरवल थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव चौंसार लाया जाएगा, जहां से कुसुमखोर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। ऋषि का शव मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button