स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी स्कूल में नहीं हुआ ध्वजारोहण, 10:30 बजे तक शिक्षक रहे नदारद

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- देशभर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, लेकिन हरदोई की सांडी विकास खंड के बैठापुर गांव स्थित सरकारी विद्यालय में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि सुबह करीब 10:30 बजे तक विद्यालय में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण भी नहीं किया गया।स्कूल का एक वीडीओ भी शोसल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमे बच्चे व अभिभावक मौजूद है और बच्चे बता रहे है कि कोई अध्यापक स्कूल में झंडा फहराने नही आया है।
बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कई बच्चे अपने अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचे थे। उन्हें उम्मीद थी कि विद्यालय में निर्धारित कार्यक्रम के तहत तिरंगा फहराया जाएगा और राष्ट्रीय पर्व मनाया जाएगा, लेकिन काफी देर तक शिक्षक नहीं पहुंचे। ध्वजारोहण न होने और शिक्षकों की अनुपस्थिति से बच्चों को मायूसी का सामना करना पड़ा और वे वापस लौट गए।
मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर विद्यालय में ध्वजारोहण न होना और शिक्षकों का अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति तथा ध्वजारोहण न होने के आरोपों की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब देखना है कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।






