उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

अतरौली थाने में अनोखे अंदाज में मना आजादी का जश्न, राष्ट्रभक्ति के गीतों पर झूमे पुलिसकर्मी

रिपोर्ट-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस / हरदोई: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अतरौली थाने में आजादी का जश्न कुछ अलग अंदाज में देखने को मिला। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के बाद थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रभक्ति के गीतों पर जमकर उत्साह और जोश का प्रदर्शन किया। वर्दी में पुलिसकर्मियों को एक-दूसरे का हाथ थामकर और ताल से ताल मिलाकर देशभक्ति के गीतों पर झूमते देख माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। थाना परिसर को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे के रंगों वाली सजावट से सजाया गया था। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। किसी ने हाथ उठाकर देशभक्ति के गीतों पर जोश दिखाया तो कोई साथियों के साथ कदम मिलाकर जश्न में शामिल हुआ। पुलिसकर्मियों के इस उत्साह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आपसी भाईचारे और एकजुटता के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। ड्यूटी के दौरान अनुशासन और जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी इस मौके पर देशभक्ति के रंग में पूरी तरह रंगे नजर आए। अतरौली थाने में मनाए गए इस अनोखे जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button