
जिला संवाददाता- महेश रावत
जन एक्सप्रेस / त्यूनी: रविवार सुबह पुरटाड रोड पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिलने के बाद थाना त्यूनी के थानाध्यक्ष कुलदीप शाह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पिकअप वाहन खाई में गिरा मिला। स्थानीय लोगों, पुलिस बल और एसडीआरएफ की मदद से वाहन के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च अभियान के दौरान वाहन के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हालत में मिला। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी पहुंचाया गया। तलाशी के दौरान मौके पर कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला।
मृतक की पहचान खजान दास (करीब 40 वर्ष), पुत्र दुर्भी लाल, निवासी ग्राम सुनकुंडी, तहसील मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पंचायतनामा और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं घायल रविन लाल (34 वर्ष), पुत्र वीर सिंह, निवासी ग्राम सूचानु, पोस्ट ऑफिस नेटवाड, तहसील मोरी, जिला उत्तरकाशी का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।
पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






