बैजनाथ अंबिका प्रसाद इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस

जिला संवाददाता – आकाश मिश्रा
जन एक्सप्रेस / कौशांबी: बैजनाथ अंबिका प्रसाद इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। तिरंगे की शान, देशभक्ति के जज़्बे और विद्यार्थियों के उत्साह से विद्यालय परिसर पूरी तरह राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राहुल मिश्र और प्रधानाचार्य संतोष मिश्र ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन देश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना के साथ हुआ।






