उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

नारायणकोटी में अल्ट्रासाउंड केंद्र का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल

जन एक्सप्रेस  / रुद्रप्रयाग: जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी की पांच सदस्यीय टीम ने नारायणकोटी स्थित माधव हॉस्पिटल में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र नियमानुसार संचालित पाया गया और निर्धारित व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर तहसीलदार ऊखीमठ निशांत कंबोज एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी के नेतृत्व में टीम ने केंद्र में चिकित्सक की वैधता, मशीन के मेक एवं मॉडल, ओपीडी रजिस्टर, एएनसी रजिस्टर और फॉर्म-एफ सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की।

टीम ने नोटिस बोर्ड डिस्प्ले, सीसीटीवी व्यवस्था और एक्टिव ट्रैकर की क्रियाशीलता का भी निरीक्षण किया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि केंद्र की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।

निरीक्षण दल ने केंद्र संचालक को पीसीपीएनडीटी अधिनियम के सभी प्रावधानों का निरंतर पालन करने और आवश्यक अभिलेख नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि माधव हॉस्पिटल स्थित इस अल्ट्रासाउंड केंद्र का पंजीकरण मई माह के अंतिम सप्ताह में कराया गया था। इसके साथ ही जनपद में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इनमें चार केंद्र सरकारी चिकित्सालयों और तीन केंद्र निजी चिकित्सालयों में संचालित हो रहे हैं।

निरीक्षण दल में पीसीपीएनडीटी समिति के सदस्य पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचिका भट्ट और जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी मुकेश बगवाड़ी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button