उत्तर प्रदेशहरदोई

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की समीक्षा बैठक में गूंजे पत्रकार एकता के स्वर

संडीला-भरावन की कार्यकारिणी गठित

हरदोई। ब्यूरो/जन एक्सप्रेस।  ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की समीक्षा बैठक कछौना ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों की एकजुटता, संगठन के विस्तार और ग्रामीण एवं तहसील स्तर के पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान संडीला तहसील और भरावन ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। वहीं क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक पत्रकारों ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में एसोसिएशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर मौजूद रहे। उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में लगातार मजबूत हो रहा है। संगठन देश के 12 प्रदेशों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है, जबकि चार अन्य प्रदेशों में संगठन को मजबूत करने के लिए संपर्क और सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में 62 जिलों में संगठन की इकाइयां कार्य कर रही हैं, जबकि 10 जिलों में पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य ग्रामीण और तहसील स्तर के पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा करना है।

संडीला और भरावन की कार्यकारिणी गठित

बैठक के दौरान संडीला तहसील और भरावन ब्लॉक की कार्यकारिणी का गठन किया गया। वरिष्ठ पत्रकार योगेश त्रिपाठी को संडीला तहसील का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया। सतेंद्र यादव ‘शेरा’ को भरावन ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई, जबकि कार्यक्रम संयोजक एसबी सेंगर को सदस्यता अभियान प्रभारी बनाया गया। योगेश त्रिपाठी को नई जिम्मेदारी मिलने पर पत्रकार साथियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अतुल कपूर ने कहा कि ग्रामीण और तहसील स्तर के पत्रकार लोकतंत्र की जमीनी आवाज हैं। स्थानीय स्तर पर होने वाली घटनाओं और आम लोगों की समस्याओं को सामने लाने में ग्रामीण पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में पत्रकारों की एकजुटता और उनके सम्मान की रक्षा संगठन की प्राथमिकता है। मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रति निस्वार्थ भाव से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। पत्रकारों के सम्मान के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बबलू ने भी पत्रकारों के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

वरिष्ठ पत्रकार आलोक सिंह ने पत्रकारों से निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करने का आह्वान किया। मंडल महामंत्री मुकेश सिंह आशा ने कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले संबंधित सभी पक्षों को सामने रखना पत्रकारिता की विश्वसनीयता के लिए बेहद जरूरी है। लखनऊ मंडल के महासचिव जितेंद्र सिंह भाभी ने बताया कि मंडल के रायबरेली, लखीमपुर और उन्नाव जनपद में भी समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। तहसील अध्यक्ष मुकेश सिंह सोमवंशी ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके सम्मान के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने पत्रकारों की कलम की स्वतंत्रता और गरिमा बनाए रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।बैठक में संगठन की सदस्यता बढ़ाने, ग्रामीण पत्रकारों को एकजुट करने और तहसील से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा हुई। नवनियुक्त पदाधिकारियों को वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं और संगठन के उद्देश्यों तथा पत्रकार हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। इस अवसर पर मनोज जायसवाल संरक्षक, हरिश्याम बाजपेई, धनीराम श्रीवास्तव, अनुज कुमार मिश्रा, संजय, पुनीत पटेल, रमाकांत त्रिपाठी, अजय बाजपेई, करुणेन्द्र तिवारी, सूरज गुप्ता, सीपी मौर्या, अमन विश्वकर्मा, अरविंद सिंह, सुधीर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

https://youtu.be/hScZQq0P_Pw?si=r4U_P_JWKTBk58Mr

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button