उत्तराखंडपिथौरागढ़

तिरंगे के रंग में रंगा पिथौरागढ़, सड़कों पर गूंजे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे

रिपोर्ट: पंकज पाण्डेय


जन एक्सप्रेस / पिथौरागढ़:
 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पिथौरागढ़ नगर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के कारण पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

रैली का शुभारंभ रामलीला मैदान से राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। राज्य दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मेयर कल्पना देवलाल और जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर सिल्थाम, केमू स्टेशन, गुप्ता तिराहा और एप्टेक तिराहा होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। पूरे यात्रा मार्ग में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।

रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। बच्चों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। इस दौरान प्रस्तुत किए गए देशभक्ति गीतों ने लोगों के उत्साह को और बढ़ा दिया। सड़कों पर एक साथ लहराते सैकड़ों तिरंगे रैली का प्रमुख आकर्षण रहे।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान समाज के हर वर्ग में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, वीर जवानों के बलिदान, साहस और देशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रध्वज के महत्व से जोड़ने का अवसर मिलता है। रैली के माध्यम से लोगों को तिरंगे के प्रति सम्मान बनाए रखने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

जिला प्रशासन ने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button