उत्तर प्रदेशहरदोई

हरिद्वार और नरौरा से गंगा में छोड़ा गया 2.08 लाख क्यूसेक पानी

हरदोई में चेतावनी बिंदु से 46 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर

हरदोई। ब्यूरो/जन एक्सप्रेस। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के बीच हरदोई में प्रशासन और पुलिस ने नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। हरिद्वार और नरौरा से गंगा नदी में कुल 2,08,621 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद हरदोई के राजघाट पर गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 46 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। हालांकि, जलस्तर अभी खतरे के निशान से चार सेंटीमीटर नीचे है। 13 अगस्त को दर्ज की गई रिपोर्ट के मुताबिक, हरिद्वार से गंगा नदी में 93,484 क्यूसेक तथा नरौरा से 1,15,137 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। दोनों स्थानों से छोड़े गए पानी की कुल मात्रा 2,08,621 क्यूसेक है। इसके चलते हरदोई में गंगा के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है।

खतरे के निशान के बेहद करीब गंगा

हरदोई के राजघाट पर गंगा का जलस्तर 125.770 मीटर दर्ज किया गया। यहां गंगा का चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर निर्धारित है। इस लिहाज से मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से 46 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुका है। वहीं, राजघाट पर गंगा का खतरे का निशान 125.810 मीटर है। मौजूदा जलस्तर खतरे के निशान से महज चार सेंटीमीटर नीचे है। गंगा के जलस्तर में इस तरह की वृद्धि ने नदी किनारे बसे ग्रामीण क्षेत्रों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है, ताकि जलस्तर मे बढ़ोतरी होने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

 

गर्रा नदी का जलस्तर भी दर्ज

रिपोर्ट के अनुसार, गर्रा नदी के शाहजहांपुर स्थित मुमुक्ष घाट पर जलस्तर 143.650 मीटर दर्ज किया गया है। वहीं, हरदोई के सांडी क्षेत्र में सीडब्ल्यूसी साइट पर गर्रा नदी का जलस्तर 127.770 मीटर रिकॉर्ड किया गया। संबंधित विभागों की ओर से नदियों के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें नदी किनारे के इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से की नदी किनारे न जाने की अपील

क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों को बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की जा रही है। सीओ हरपालपुर के मुताबिक, अरवल थाना पुलिस की टीमों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके, इसके लिए पुलिस टीमों को तैयार रखा गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंचने के कारण आने वाले समय में जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी रहेगी। यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है तो नदी के आसपास के निचले इलाकों में खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन की अपील है कि लोग नदी के किनारे जाने से बचें और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

https://youtu.be/hScZQq0P_Pw?si=ouH6WDovZGvDmisC

रिपोर्ट- बीजी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button