उत्तर प्रदेशहरदोई

हरदोई में चोरी की 3 घटनाओं का खुलासा

1.57 लाख नकद और लाखों के आभूषण बरामद

हरदोई। ब्यूरो/जन एक्सप्रेस। थाना कछौना पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक मोबाइल फोन और 1 लाख 57 हजार रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनायक शर्मा पुत्र विनोद शर्मा निवासी सुठेना तकिया, थाना कछौना और पारस पुत्र अशोक निवासी मंगल बाजार, थाना संडीला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक 19 मई 2026 को ग्राम मंडलिहया मजरा गोहानी निवासी श्रीपाल पुत्र हेमनाथ ने थाना कछौना में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर सेंध लगाकर उनके घर से नकदी और आभूषण चोरी कर ले गए। मामले में थाना कछौना में मुकदमा संख्या 156/26 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था इसके बाद 24 जून को ग्राम सुठेना निवासी रामनंदन कनौजिया की तहरीर पर मुकदमा संख्या 211/26 दर्ज किया गया। वहीं, 8 अगस्त को ग्राम मतुआ निवासी इरफान पुत्र निजामुद्दीन की तहरीर पर भी चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस के अनुसार एक अन्य मामले में ग्राम मतुआ निवासी इरफान ने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके और गांव के ही विमलेश पुत्र बालता के घर से नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, 7 जुलाई को ग्राम सुठेना तकिया निवासी श्याम कली पत्नी श्याम ने भी पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप था कि विनायक शर्मा ने उनके घर में घुसकर नकदी और आभूषण चोरी किए। लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद कछौना पुलिस ने जांच तेज की। पुलिस टीम ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विनायक शर्मा और पारस को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ और बरामदगी के दौरान चोरी की घटनाओं से जुड़े कई सामान आरोपियों के कब्जे से मिले।

आभूषण और नकदी बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार कंगन, तीन अंगूठियां, दो चेन, एक नाक की कील, दो जोड़ी बाली, एक बिस्कुट, सफेद धातु की दो अंगूठियां, एक कमर पेटी, 17 जोड़ी बिछिया, पांच जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, दो कान के टॉप, दो लॉकेट, एक झुमकी, एक मोबाइल फोन और 1 लाख 57 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी विनायक शर्मा का आपराधिक इतिहास भी बताया है। उसके खिलाफ थाना कछौना में मुकदमा संख्या 39/25 तथा थाना हाईवे, जनपद मथुरा में मुकदमा संख्या 676/25 दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना कछौना पुलिस की टीम शामिल रही। टीम में थानाध्यक्ष अमित सिंह, उपनिरीक्षक विशाल पण्डीर, उपनिरीक्षक रमेशचन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार, हेड कांस्टेबल अखण्ड प्रताप सिंह, कांस्टेबल प्रवीण तिवारी, कांस्टेबल राहुल कुमार, कांस्टेबल तूफान सिंह, कांस्टेबल बंटी कुमार, कांस्टेबल विपिन कुमार और कांस्टेबल ओमेद्र कुमार मिश्रा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब बरामद सामान को संबंधित मामलों से जोड़ने और चोरी की घटनाओं में आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।

https://youtu.be/gqpPwc4dBs0?si=hDgSE2hffHOPOLYl

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस-हरदोई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button