
जन एक्सप्रेस /अमेठी: जनपद के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सूरज पटेल ने विकास खंड सिंहपुर के प्र० सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री विजय यादव को 15वें वित्त आयोग और पंचम राज्य वित्त आयोग की धनराशि के उपयोग में कमी के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सीडीओ ने अपने नोटिस में उल्लेख किया कि ग्राम पंचायतों को शासन स्तर से अवमुक्त धनराशि का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कई बार निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद पीएफएमएस पोर्टल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंहपुर विकास खंड में उपभोग प्रतिशत 97.58% पाया गया, जो जनपद के औसत उपभोग प्रतिशत 98.12% से कम है।
जनपद की रैंकिंग पर पड़ा प्रभाव
सीडीओ ने बताया कि मुख्यमंत्री स्तर पर सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से धनराशि उपभोग की समीक्षा की जाती है, जिसके आधार पर जनपद की रैंकिंग निर्धारित होती है। दिसंबर 2024 में अमेठी जनपद की रैंकिंग अत्यंत खराब पाई गई। इस स्थिति में सुधार के लिए पूर्व में कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
शिथिल कार्यप्रणाली का आरोप
सीडीओ ने नोटिस में कहा कि यह कमी पर्यवेक्षणीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता को दर्शाती है। उन्होंने श्री विजय यादव से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है कि इस लापरवाही के लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।
सीडीओ का निर्देश
सीडीओ ने यह भी निर्देश दिया कि विकास खंड की सभी ग्राम पंचायतों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित कराई जाए। नोटिस की प्रति निदेशक पंचायती राज, जिलाधिकारी अमेठी, और जिला पंचायत राज अधिकारी को भी सूचनार्थ और आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।






