भीषण ठंड में अलाव न जलना बना चर्चा का विषय कजगांव में जनजीवन बेहाल, नगर पंचायत पर लापरवाही का आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: पिछले कई दिनों से पड़ रही गलन भरी भीषण ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है, लेकिन नगर पंचायत कजगांव द्वारा अब तक अलाव न जलवाया जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। कड़ाके की सर्दी के बावजूद कस्बे में कहीं भी अलाव की व्यवस्था न होने से लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
बताया जाता है कि ठंड की शुरुआत से ही मौसम का मिजाज बेहद सख्त बना हुआ है। इसके बावजूद नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मानो कान में तेल डालकर सोए हुए हैं। न तो सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए गए और न ही जरूरतमंदों को राहत देने के लिए कंबल वितरण की कोई व्यवस्था की गई।
भीषण ठंड के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। ठंड से बचाव के लिए जहां आम आदमी किसी न किसी तरह इंतजाम कर ले रहा है, वहीं बेसहारा पशुओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति का फायदा उठाते हुए दुकानदार गर्म ऊनी कपड़ों को मनमाने दामों पर बेच रहे हैं, जबकि जलावन लकड़ी के व्यापारियों ने भी लकड़ी के दाम बढ़ा दिए हैं। इससे गरीब और मजदूर वर्ग की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत कजगांव के जिम्मेदारों से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और बाजारों में पर्याप्त मात्रा में अलाव जलवाए जाएं, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को इस भीषण ठंड से कुछ राहत मिल सके।
भीषण ठंड के बावजूद नगर पंचायत की उदासीनता को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं और जिम्मेदारों पर कुम्भकर्णी नींद में सोए होने का आरोप लगा रहे हैं।






