
जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- हल्द्वानी कोतवाली परिसर में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक के साथ कथित तौर पर एक वकील और उसके साथ आए लोगों ने मारपीट कर दी। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद महिला उपनिरीक्षक ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को संभाला।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाद की शुरुआत रविवार रात मंगल पड़ाव क्षेत्र के एक होटल में हुई थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर युवक और वकील के बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन विवाद बना रहा।
सोमवार को युवक इसी मामले की शिकायत लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंचा था। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि युवक को कोतवाली परिसर में देखकर वकील और उसके साथ आए लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते परिसर में शोर-शराबा और हंगामा होने लगा। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद महिला एसआई ने हस्तक्षेप किया और बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया। फिलहाल घटना के संबंध में संबंधित पक्षों की भूमिका और पुलिस की ओर से की गई कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।






