कांसुवा क्रिकेट टूर्नामेंट: मालसी एकादश ने 5 विकेट से जीता मुकाबला, आशीष नेगी ने उठाई बहुद्देशीय स्टेडियम की मांग
यूकेडी के केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि किया R C C क्रिकेट टूर्नामेंट कांसुवा के चतुर्थ दिवस मैच का शुभारंभ, क्षेत्र में बहुद्देशीय स्टेडियम बनाने की उठाई मांग।

जन एक्सप्रेस /चमोली :- श्री राज राजेश्वरी क्रिकेट टूर्नामेंट कांसुवा के चौथे दिवस के रोमांचक क्रिकेट मुकाबले खेले गए। चौथे दिन के खेल का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद में मां नंदा की स्थली कांसुवा के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
आशीष नेगी ने कहा कि पहाड़ के युवा खेलों के प्रति काफी उत्साहित हैं। युवाओं की प्रतिभा को निखारने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र में एक बहुद्देशीय स्टेडियम की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाता है तो श्री नंदा देवी राजजात जैसी ऐतिहासिक एवं धार्मिक यात्रा को विश्व पटल पर विशेष पहचान दिलाकर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति का संदेश दिया जा सकता है। इससे क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व ग्राम प्रधान भलसौं नवीन खंडूड़ी ने आरसीसी क्रिकेट क्लब कांसुवा की सराहना करते हुए कहा कि कमेटी निष्पक्षता एवं उत्कृष्ट व्यवस्था के साथ क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन करती आ रही है। इस परंपरा को आगे भी बरकरार रखा जाना चाहिए। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत कांसुवा की उपप्रधान सुनीता बिष्ट ने कहा कि गांव में इस तरह के खेल आयोजनों से आपसी एकता, अखंडता और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
मालसी एकादश ने पांच विकेट से जीता पहला मुकाबला
चौथे दिन का पहला मुकाबला भलसौं एकादश और मालसी एकादश के बीच खेला गया। टॉस जीतकर मालसी की टीम ने पहले भलसौं एकादश को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भलसौं की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 77 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालसी एकादश ने पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन के लिए ईश्वर नेगी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 26 रन का योगदान दिया।
दूसरा मुकाबला कनोठ एकादश और सिमतोली एकादश के बीच खेला गया। इस मैच में मुख्य अतिथि आशीष नेगी ने भी बल्लेबाजी में हाथ आजमाते हुए तीन छक्कों और एक चौके की मदद से 26 रन बनाए। इस अवसर पर कमेटी की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता पुष्कर दरमौला, सीएससी सेंटर कांसुवा के संचालक एवं समाजसेवी संदीप कुमार, मातवर कोहली तथा राकेश नेगी उर्फ कल्लू को सम्मानित किया गया। इस दौरान महिला मंगल दल कांसुवा, नरेंद्र कुंवर, संजय रावत, जयदीप रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, कमेटी अध्यक्ष विजय सिंह रावत, उपाध्यक्ष योगेश कुंवर, संरक्षक लक्ष्मण सिंह कुंवर, रामी लाल, मनवर सिंह रावत, सुमित चौहान, साहिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।







