
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- नशा तस्करी और बार-बार अपराधों में संलिप्त रहने वाले अभियुक्तों पर शिकंजा कसने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान ‘स्पेशल एक्शन ड्राइव-ऑपरेशन ट्रैक-7’ शुरू किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान 24 और 25 नवंबर 2026 को जनपदभर में चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत मंगलवार को एसएसपी अजय गणपति ने कोतवाली सितारगंज पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने आदतन अपराधियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने, नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित करने और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के संबंध में साक्ष्य जुटाकर नियमानुसार जब्तीकरण और अधिग्रहण की कार्रवाई की जाए। संगठित गिरोह बनाकर अपराध करने वालों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट तथा समाज में भय का माहौल पैदा करने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
अभियान में एनडीपीएस मामलों के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित गैर-जमानती वारंट का निष्पादन, हिस्ट्रीशीट खोलने, संदिग्ध बैंक खातों की जांच और नशा तस्करी के नेटवर्क की सप्लाई चेन पर कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा होटल, हॉस्टल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बॉर्डर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग की जाएगी।
अभियान के लिए जनपद में 12 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर प्रमोद कुमार को अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके द्वारा अभियान के तहत होने वाली कार्रवाई की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जाएगी ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने तथा नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है।







