डीएम-एसपी ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत की समीक्षा बैठक

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़:जिले में आगामी 14 और 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक ( एसआई ) भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस लाइन के टिन शेड सभागार में आयोजित बैठक में डीएम शिव सहाय अवस्थी और एसपी दीपक भूकर ने ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाय और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अवैध गतिविधि को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाये। डीएम और एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। डीएम शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ सभी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करें। परीक्षा केन्द्र के भीतर घड़ी या किसी भी इलेक्ट्रानिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबन्ध है। बैठक में निर्देशित किया गया कि परीक्षा केन्द्र के आस-पास के फोटो कापियर की दुकाने पूर्णतया बन्द रखी जाये। परीक्षा केन्द्रों पर आने वाले अभ्यर्थियों के सामान रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये जिससे अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा के प्रत्येक केंद्र पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और परीक्षार्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन ने परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति, क्षेत्राधिकारी तथा परीक्षा ड्यूटी में तैनात अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






