:जौनपुरउत्तर प्रदेश
टिकट मांगने पर कंडक्टर से मारपीट, पुलिस की लापरवाही से रोडवेज बस ने किया जाम
जौनपुर के कालीचाबाद में दो युवकों ने कंडक्टर पर किया हमला, मोबाइल और नकदी लूटी — सूचना के बाद भी पुलिस एक घंटे तक नहीं पहुंची, आक्रोशित चालक ने सड़क पर रोकी बस

जन एक्सप्रेस जौनपुर:वाराणसी से लखनऊ जा रही रोडवेज बस (गाड़ी संख्या UP78KT1764) के कंडक्टर के साथ शुक्रवार को जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीचाबाद में मारपीट की गई। जानकारी के अनुसार, बस में पॉलिटेक्निक कॉलेज से दो युवक सवार हुए थे। कंडक्टर द्वारा टिकट मांगे जाने पर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों युवकों ने कंडक्टर की पिटाई कर दी और उनका मोबाइल फोन व नकदी छीन ली।घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे आक्रोशित बस चालक ने बस को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे मार्ग पर जाम लग गया। यात्रियों में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।






