भैंस को नदी पार करने से रोकने के लिए पानी में कूदा युवक, गहरे बहाव में डूबा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई :– हरदोई।हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भदार निवासी लगभग 60 वर्षीय कल्लू कश्यप नदी के किनारे अपनी भैंस चरा रहा था। इसी दौरान भैंस अचानक नदी के पानी में चली गई और नदी पार करने लगी। भैंस को नदी पार करने से रोकने के प्रयास में कल्लू ने भी पानी में छलांग लगा दी। कुछ दूर तक तैरने के बाद वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।
कल्लू के नदी में डूबने की घटना देखकर पुल के ऊपर खड़े लोगों ने तत्काल गांव के लोगों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में कल्लू की तलाश शुरू कराई।

स्थानीय गोताखोर नदी के पानी में काफी देर तक तलाश करते रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कल्लू का शव बरामद नहीं हो सका था। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में नदी में लगातार शव के तलाश का प्रयास जारी रहा।






